अरविंद केजरीवाल को आज गिरफ्तार कर सकती है ED…’, AAP नेताओं का दावा, CM आवास के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

0:00

ईडी के समन पर दिल्ली आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के तीसरी बार भी कल बुधवार को पेश नहीं हुए। इसके बाद आधी रात को बड़ा घटनाक्रम तब सामने आया, जब आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेताओं ने एकाएक दावा किया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को ईडी गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर सकती है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ईडी के समन पर आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए कल बुधवार को तीसरी बार भी नहीं पहुंचे। इसके बाद देर रात को आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेताओं ने आशंका जताई है कि पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पर गुरुवार की सुबह छापा मारा जा सकता है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

BJP लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल को करना चाहती है गिरफ्तार- AAP
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी के समन पर आम आदमी पार्टी के नेता जैस्मीन शाह ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट है कि वे (बीजेपी) आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं और लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहते हैं। वह कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। अब तक, सभी उन्हें भेजे गए समन अवैध हैं। विश्वसनीय स्रोतों से हमें पता चला है कि छापेमारी की जाएगी और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाएगा।”

अरविंद केजरीवाल को है गिरफ्तारी का डर- BJP
बीजेपी नेता हरीश खुराना ने दिल्ली के सीएम हमला बोलते हुए कहा, “अरविंद केजरीवाल को यह डर है कि अगर वह ईडी को जवाब देने जाएंगे तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है, यह उनके भ्रष्टाचार में शामिल होने का संकेत देता है। आज या कल उन्हें ईडी के सवालों का जवाब देना ही होगा। ईडी के समन से बच रहे हैं केजरीवाल!”

शराब ने अरविंद केजरीवाल की आत्मा का नाश किया- BJP
ईडी के समन पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के जांच एजेंसी के समक्ष पेश न होने पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “शराब शरीर और आत्मा का नाश करती है, लेकिन इस शराब ने तो अरविंद केजरीवाल की आत्मा का भी नाश किया है।”