छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री: कई जिलों में आज तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट…

0:00

रायपुर वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल चुकी है। ऐसा इसलिए क्योंकि नौतपा खत्म होने के बाद से ही मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में अब मानसून ने भी दस्तक दे दी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मानसून सुकमा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा है। मौसम विभाग ने कहा कि, बस्तर संभाग में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज तेज आंधी-तूफ़ान के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज भी बादल छाए रह सकते हैं। इस बार मानसून के समय से पहले पहुंचने पर प्रदेश में औसत से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। रायपुर, बस्तर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में आने वाले 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बस्तर संभाग में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक रायपुर में मानसून 13 जून तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके पहले प्री मानसून से शहर तरबतर करने के लिए मौसमी प्रणालियां सक्रिय हो रही हैं। माैसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान डोंगरगढ़ में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम तापमान नारायणपुर में 22 .8 डिग्री दर्ज किया गया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

CG Weather News: नहीं बढ़ेगा पारा

उमस से लोग अभी भी परेशान हैं। अगले 5 दिनों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।