“दुर्ग की बेटी को राष्ट्रीय सम्मान: अरुण वोरा ने शिक्षिका के. शारदा को दी विशेष बधाई”

0:00

“दुर्ग की बेटी को राष्ट्रीय सम्मान: अरुण वोरा ने शिक्षिका के. शारदा को दी विशेष बधाई”

दुर्ग: दुर्ग शहर के लिए गर्व का पल आया जब श्रीमती K. शारदा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के अवसर पर पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा ने उन्हें विशेष रूप से बधाई दी और उनकी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना की।

श्रीमती शारदा, जिन्होंने बचपन में पोलियो की चुनौती का सामना किया, ने अपने साहस और संकल्प से शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया है। गणित के लिए उनकी अभिनव शिक्षण पद्धति—जिसमें QR कोड से वीडियो और इंटरैक्टिव अभ्यास शामिल हैं—ने छात्रों के लिए शिक्षा को और भी रोचक और सुलभ बना दिया है। उनके द्वारा बस्तर के बच्चों के लिए हलबी भाषा में अनूदित नैतिक कहानियों की पुस्तक भी बेहद सराहनीय है।

श्री अरुण वोरा ने कहा, “श्रीमती शारदा ने यह साबित कर दिखाया है कि शारीरिक सीमाएं कभी भी किसी के सपनों को रोक नहीं सकतीं। उनका जीवन समर्पण और प्रेरणा का एक शानदार उदाहरण है।उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने दुर्ग शहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। यह सम्मान न केवल उनका, बल्कि हमारे पूरे दुर्ग शहर का गौरव है।”

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती शारदा का यह सफर न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा का स्रोत है।