भारती विश्वविद्यालय दुर्ग में राष्ट्रीय भाषा उत्सव पर विविध आयोजन

0:00

भारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय भाषा उत्सव पर विविध आयोजन

दुर्ग, भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में राष्ट्रकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती 11 दिसंबर 2024 को भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष व्याख्यान प्रोफेसर (डॉ.) आर. पी. अग्रवाल, सेवानिवृत्त प्राचार्य कल्याण स्नाकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई, रासेयो कार्यक्रम समन्वयक, हेमचंद विश्वविद्यालय, दुर्ग तथा विजिटिंग प्रोफेसर भारती विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तुत किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती को भारतीय भाषा दिवस के रूप में घोषित किया है। इस उपलक्ष में देश भर में शैक्षणिक संस्थाओं समेत अन्य प्रतिष्ठानों में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न आयोजन किए जाते हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 में विशेष तौर पर भारतीय भाषाओं को अधिक से अधिक शिक्षा का माध्यम बनाए जाने के साथ ही आम व्यवहार में भारतीय भाषाओं के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने पर बल दिया गया है। वक्ता ने भारतीय संस्कृति एवं भाषाई विविधता का संरक्षण करने की महत्ता एवं आवश्यकता को स्पष्ट करते हुए जनमानस में अंग्रेजी भाषा एवं संस्कृति की मनोवैज्ञानिक रूप से श्रेष्ठता की भ्रामक अवधारणा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके अतिरिक्त छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. स्वाति पांडे ने मातृभाषा के मानव के शैक्षणिक विकास में महत्व पर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया साथ ही उन्होंने भारतीय भाषाई विविधता को भारतीय संस्कृति की अक्षुण्ण एवं अद्वितीय उपलब्धि बताया तथा हमारे देश में भाषाई विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन की महत्ता को स्पष्ट किया।


विशेष व्याख्यान के अतिरिक्त “मातृभाषा मेरा गौरव” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पायल साहू, डीएलएड प्रथम वर्ष तथा द्वितीय स्थान किरण गोस्वामी, डीएलएड द्वितीय वर्ष ने अर्जित किया। आयोजन में प्राध्यापकगण डॉ. मंजू साहू, डॉ. विद्यावती चंद्राकर, हेमलता चंद्राकर, दुर्गा श्रीवास्तव, नीलम त्रेहान, अखिलेश सेन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का आयोजन तथा संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं गोद ग्राम समन्वयक डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा शिक्षा संकाय के सहयोग से किया गया।