विवादों में घिरी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक: कांग्रेस ने बेलगावी अधिवेशन में नक्शे में जम्मू-कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान का हिस्सा,जानिए क्यों हो रही बैठक?

0:00

नक्शे में जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दर्शा दिया गया है। इसे लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगा दिया।

कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। हालांकि यह बैठक अपने आयोजन से पहले ही विवाद में फंस गई है। दरअसल बैठक के लिए जो बैनर पोस्टर लगाए गए हैं, उनमें भारत का गलत नक्शा दिखाया गया है। नक्शे में जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दर्शा दिया गया है। इसे लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगा दिया।

ये तुष्टिकरण की राजनीति’
कांग्रेस अधिवेशन के लिए लगे पोस्टर बैनर की तस्वीर साझा करते हुए कर्नाटक भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है। जिसमें पार्टी ने लिखा कि ‘कर्नाटक कांग्रेस ने भारत की संप्रभुता का अपमान किया है और बेलगावी के कार्यक्रम में भारत का गलत नक्शा दर्शाया है। नक्शे में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। ये सब सिर्फ वोटबैंक के तुष्टिकरण के लिए किया जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक है।’

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेतृत्व पर उठाए गंभीर सवाल
भाजपा के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भाजपा सांसद ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर औऱ अक्साई चिन के हिस्से को गायब कर दिया गया है। भाजपा ने कहा कि भारत को छिन्न-भिन्न करने वाली शक्तियों के साथ कांग्रेस का गठजोड़ साफ हो गया है। कांग्रेस की तरफ से पहले भी इसी तरह भारत के नक्शे से छेड़छाड़ की गई है। पूर्व में डीएमके ने भारत का गलत नक्शा दिखाया। जिसमें पाक अधिकृत कश्मीर और अक्साई चिन गायब दिखाया गया। कोरोना के समय राहुल गांधी ने भी एक ट्वीट किया था, उसमें भी अक्साई चिन और पीओके गायब था। शशि थरूर ने 21 दिसंबर 2019 को भारत का नक्शा सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें भी गड़बड़ी थी।

भाजपा ने सवाल किया कि पिछले काफी समय से भारत के नक्शे में जो गड़बड़ी दिखाई जा रही है, वह क्या सिर्फ संयोग है या फिर किसी व्यवस्थित भारत विरोध का हिस्सा है। भाजपा ने पूछा कि ये किसके इशारे पर हो रहा है? क्या सोरोस से कोई गुप्त संदेश तो नहीं आ रहा? सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान जब देश के पूर्वोत्तर हिस्से को काटने की बात की गई तो कांग्रेस उन लोगों के साथ खड़ी थी। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है, वे भी उत्तर भारतीयों के खिलाफ गलत आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस लोगों को भाषा, धर्म, जाति के आधार पर लड़ाकर देश की सत्ता हासिल करना चाहती है। हालांकि सरकार और जनता सजग हैं और पैनी नजर इन ताकतों पर रखे हुए हैं और इनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

क्यों हो रही बैठक?
बेलगावी में हो रही इस बैठक को कांग्रेस ‘नव सत्याग्रह बैठक’ नाम दिया है. यह बैठक पार्टी के बेलगावी अधिवेशन के 100 साल पूरे होने के मौके पर हो रही है. उस अधिवेशन में महात्मा गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया था. कांग्रेस 27 दिसंबर को बेलगावी में जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली का आयोजन करेगी.

गृह मंत्री अमित शाह की बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर से संबंधित टिप्पणी को लेकर उठे विवाद की पृष्ठभूमि में इस रैली का नाम ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रखा गया है. कांग्रेस ने शाह की टिप्पणी के खिलाफ वर्तमान में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है. वह इस सप्ताह को ‘आंबेडकर सम्मान सप्ताह’ के रूप में मना रही है।