

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में भीषण हादसा हो गया। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। शनिवार (8 फरवरी) की रात तेज रफ्तार बोलेरो (कार) और ट्रेलर की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 6 गंभीर घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया। एक्सीडेंट बभनी के दरनखाड़ के पास हुआ है।
रायपुर जा रहे थे श्रद्धालु
छत्तीसगढ़ के रायपुर के श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ आए थे। संगम स्नान के बाद श्रद्धालु बोलेरो में सवार वापस रायपुर लौट रहे थे। शनिवार देर रात बभनी के दरनखाड़ के पास बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। ट्रेलर ड्राइवर मौका देखकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने जांच के बाद 4 श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया। 6 गंभीर घायलों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसा कैसे हुआ? कारण जानने पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।

हादसे में रायपुर निवासी अनिल प्रधान (37), रुक्मणी यादव (58), लक्ष्मी बाई (30) और ठाकुर राम यादव (58) की मौत हो गई। जबकि दिलीप देवी, अभिषेक, हषित, सुरेंद्री देवी, योगी लाल, अहान और रामकुमार घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर चीख पुकार मच गई। एक घायल ने बताया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से स्नान के लिए प्रयागराज आए थे। स्नान करके लौटने के बाद यह हादसा हो गया।
सुल्तानपुर: मिनी ट्रक की कंटेनर से टक्कर, तीन की मौत
सुल्तानपुर में भीषण हादसा हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक मिनी ट्रक खड़े कंटेनर से टकरा गया। हादसे में मध्य प्रदेश के उज्जैन के डीसीएम चालक बने सिंह, साजापुर के कंडक्टर तेजूलाल और देवरिया के मछली व्यवसायी गोवर्धन प्रसाद की मौत हो गई। दूसरा हादसा लखनऊ-बलिया हाइवे पर हुआ। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बहाउद्दीनपुर निवासी गोविंद तिवारी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए।

कन्नौज: ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, मौत
कन्नौज में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तिर्वा-ठठिया मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराकर घर लौट रहे व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सिसईयनपुर्वा गांव निवासी रामसजीवन अपनी बीमार पत्नी नीलम को तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के बाद ऑटो से घर लौट रहे थे। पट्टी कड़ेरा पुलिया के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में रामसजीवन की मौत हो गई।