प्रयागराज के करछना तहसील से एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसे जानकर शायद आप भी हैरान रह जाएंगे। मामले का खुलासा होते ही दो परिवारों के बीच तकरार पैदा हो गया है।
मामले के उजागर होते ही हर ओर इस बात की चर्चा है। दरअसल शादी के दूसरे दिन दुल्हन के मां बनने की हलचल हो गई है। जिसके बाद दुल्हे ने दुल्हन को अपनाने से इंकार कर दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार करछना क्षेत्र के एक गांव में बीते 24 फरवरी को एक घर में पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई थी। दूसरे दिन सुबह के समय बारातियों ने दुल्हन की विदाई कर उसे घर ले आए। लेकिन अगले दिन दुल्हन के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों की टीम ने महिला की जांच के बाद उसे गर्भवती बताया और कहा कि डिलीवरी का समय आ गया है। यह सुनकर दुल्हे के परिवार के होश उड़ गए। परिवार में हड़कंप मच गया।
डॉक्टरों की जांच में नवविवाहिता 9 महीने की गर्भवती निकली। डॉक्टरों ने कहा कि थोड़ी देर में बच्चे का जन्म हो सकता है। जब दूल्हे को इस बात की जानकारी मिली, तो उसने तुरंत ससुराल में फोन किया और नई दुल्हन के परिवार को बुलाया गया। बाहर पंचायत का आयोजन होने लगा। इसी बीच अस्पताल के अंदर से सूचना आई कि बहू ने एक बेटे को जन्म दिया है। यह सुनते ही दूल्हे ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि यह बच्चा उसका नहीं है और वह न तो बच्चे को स्वीकार करेगा और न ही दुल्हन को।

घर में था खुशी का माहौल
दूल्हे की मां ने कहा विदाई के बाद घर पहुंची नई नवेली दुल्हन को देखने के लिए आस-पड़ोस के लोग और रिश्तेदार आने लगे। दिनभर मुंह दिखाई का कार्यक्रम चला। इसके बाद सभी सोने चले गए। अगले दिन 26 फरवरी की सुबह बहू उठी, तो उसने सबको चाय बनाकर पिलाई। घर में खुशहाली का माहौल था।
26 फरवरी को अचानक शाम के समय बहू ने कहा कि पेट में दर्द हो रहा है। हम लोग तुरंत उसको करछना CHC ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच की, तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट है। डॉक्टरों ने कहा- आप लोग फॉर्म पर साइन कर दीजिए। तुरंत इन्हें डिलीवरी के लिए ले जाना होगा। करीब 2 घंटे बाद बहू ने एक बच्चे को जन्म दिया।
एक-दूसरे से मिलते थे दुल्हा-दुल्हन
मायके वाले बोले- शादी से पहले दूल्हा बेटी से मिलता था लड़की के पिता ने बताया- बेटी की शादी मई, 2024 में तय कर दी थी। तब से लड़का और लड़की आपस में मिल रहे थे। हालांकि, दूल्हे ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए जांच कराने की चुनौती दी है। उसने कहा कि मैं अब लड़की को नहीं अपनाऊंगा। मेरी शादी 4 महीने पहले अक्टूबर महीने में तय हुई थी।
लड़के के पिता बोले- हमारा सामान लौटा दो
लड़के के पिता ने कहा कि हम बहू को अपना नहीं सकते। हमें शादी में खर्च हुए रुपए नहीं चाहिए। लेकिन, हमने जो सामान दिया है वो वापस मिल जाए। लड़की वाले अपना सामान वापस ले जाएं। अगर हमारा सामान नहीं मिलता है तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। लड़की वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
लड़की की मां का कहना है कि लड़के वालों ने दहेज लेकर शादी की है। वो हमारी बेटी को ले जाएं। अगर वो बेटी को साथ नहीं ले जाएंगे, तो हम उन पर कार्रवाई करेंगे।