कुरड़ीखेड़ा-बारूगढ़ मार्ग पर रविवार सुबह लड़की के रोने की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे तो नजारा देखकर दंग रह गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लड़की से भी पूछताछ की जा रही है।
बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के कुरड़ीखेड़ा-बारूगढ़ मार्ग पर रविवार सुबह खेत में युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक लड़की बैठी रो रही थी। उसने बताया कि उसकी ही चुनरी से फंदा लगाकर प्रेम ने आत्महत्या की है। वहीं गांव के लोगों ने बताया कि दोनों का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


सुबह करीब 6 बजे खेतों की तरफ निकले ग्रामीणों ने लड़की के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने पास जाकर देखा वहां एक युवक का शव पड़ा था। लड़की ने बताया कि मृतक समरेज (20) पुत्र हमीद उर्फ भूरा गांव बारूगढ़ का रहने वाला था। उसने उसके ही दुपट्टे से ही फंदा लगाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि युवक और लड़की में काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बारे में गांव में पंचायत भी हो चुकी थी। युवक और लड़की अलग-अलग समुदाय से हैं। पुलिस का कहना है कि लड़की अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। परिजन द्वारा लड़की को नाबालिग बताया जा रहा है। वह पास के ही गांव की रहने वाली है। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।
