कपिल शर्मा के कनाडा वाले कैफे पर फायरिंग हुई है। एनआईए का मोस्ट वांटेड आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है।
कॉमेडियन कपिल शर्मा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उनके कनाडा वाले नए कैफे पर फायरिंग हो गई है। खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है।

बता दें कि हाल ही में कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी ने इसकी ओपनिंग की थी और कुछ ही दिनों में इस पर हमला कर दिया गया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक आदमी रात को कैफे की खिड़कियों पर फायरिंग कर रहा है। कार में बैठा शख्स अंधाधुन फायरिंग कर रहा है। अब इस मामले में बड़ी बात निकलकर सामने आई है। खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने दावा किया है कि ये फायरिंग करवाई है।


फिलहाल कपिल शर्मा या उनकी टीम की तरफ से इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है। सूत्रों की मानें तो हरजीत सिंह लड्डी ने कपिल शर्मा के किसी पुराने बयान को लेकर ये हमला करने की बात कही है।



हरजीत सिंह लड्डी भारत की एनआईए का मोस्ट वांटेड आतंकवादी है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल BKI से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर है और जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कपिल के कैफे पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। कैफे के सामने और आस-पास की बिल्डिंग पर भी गोलियों के निशान पाए गए हैं। इलाके को सील कर दिया गया है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गोलियों के खोखे बरामद कर लिए गए हैं।
आपको बता दें कि इसी हफ्ते इस कैफे का उद्घाटन हुआ है। गिन्नी और कपिल ने अपने इंस्टाग्राम पर खूबसूरत तस्वीरें भी शेयर की हैं। जिसपर लोग उन्हें ढेर सारी बधाई दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ. हालांकि यह अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कपिल शर्मा के कैप्स कैफे को ही निशाना बनाया गया था या फिर कॉमेडियन को धमकी देने के लिए ये गोलीबारी की गई है।
क्या गिन्नी चतरथ की मेहनत पर पानी फिरा?
बता दें कि कपिल शर्मा की पत्नी गिन्नी चतरथ इस कैफे की शुरुआत को लेकर काफी मेहनत कर रही थीं। उन्होंने पिछले दो साल से इस प्रोजेक्ट पर काम किया था और हाल ही में कैफे की ओपनिंग की थी। सोशल मीडिया पर गिन्नी ने दोस्तों और फैन्स का आभार जताया था, जो कैफे में जाकर खाना ट्राय कर रहे थे और उनकी तारीफ कर रहे थे। हर पोस्ट को वह री-शेयर कर रही थीं और यह जता रही थीं कि इस बिजनेस में उनकी भावनाएं जुड़ी हैं। हमले की खबर सामने आने के बाद गिन्नी और कपिल की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
कपिल शर्मा ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में व्यस्त
इस समय कपिल शर्मा अपने शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ की शूटिंग में बिजी हैं। आने वाले एपिसोड में ‘पंचायत’ के जीतू भैया यानी जितेंद्र कुमार और उनके साथी प्रतीक गांधी, जयदीप अहलावत और विजय वर्मा मेहमान बनकर नजर आएंगे। कपिल की प्रोफेशनल लाइफ में भले ही सब कुछ सही चल रहा हो, लेकिन निजी बिजनेस पर हमला उनकी टीम और परिवार के लिए चिंता की बात है।








































