इंडियन डेंटल एसोसिएशन, दुर्ग-भिलाई द्वारा “चाय पर चर्चा” शैली में दंत चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

इंडियन डेंटल एसोसिएशन, दुर्ग-भिलाई द्वारा “चाय पर चर्चा” शैली में दंत चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

भिलाई, 31 अगस्त — इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आई.डी.ए.) दुर्ग-भिलाई ब्रांच द्वारा शहर के चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन इंडियन कॉफी हाउस, भिलाई निवास में किया गया। यह कार्यक्रम “चाय पर चर्चा” की अनौपचारिक शैली में आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के साथ खुले संवाद के माध्यम से महत्वपूर्ण दंत चिकित्सा विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर से ओरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. बीजू पापाचन, रूट कैनाल विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुन्हप्पन एवं दुर्ग के वरिष्ठ इम्प्लांट विशेषज्ञ डॉ. नितिन वैद्य उपस्थित थे।

इस अनूठी पहल में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों से लेकर नवोदित दंत चिकित्सकों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया। चर्चा के दौरान क्लिनिक में आने वाली समस्याओं, आधुनिक तकनीकों, उपकरणों और दवाइयों को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का सरलता और स्पष्टता से उत्तर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आई.डी.ए. अध्यक्ष डॉ. फातिमा खान ने की, जिन्होंने मंच संचालन भी किया। सेक्रेटरी डॉ. शाहीन हमदानी ने सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आई.डी.ए. कार्यकारिणी समिति से डॉ. आस्था श्रीवास्तव, डॉ. दीप्ति राठौर, डॉ. नावेद खान, डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, डॉ. सायली कुरैशी, डॉ. दिक्षाली इंदुरकर, डॉ. सविता कब्डवाल एवं डॉ. श्रेणिक नाहटा उपस्थित रहे। वरिष्ठ डॉक्टरों में डॉ. मंजू यादव और डॉ. प्रणव जैन सहित कई अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सकों की उपस्थिति रही।

इस पहल को उपस्थितजनों द्वारा अत्यधिक सराहना मिली और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया ताकि चिकित्सक निरंतर आधुनिक दंत चिकित्सा पद्धतियों से अवगत रहें और अपने मरीजों को सर्वोत्तम सेवाएं दे सकें।