भिलाई में फिर कटरबाजी की बड़ी वारदात : शारदा पारा कैम्प 2 में देर रात युवक पर कटर से ताबड़तोड़ हमला,घायल की हालत गंभीर,सात आरोपी गिरफ्तार

भिलाई के शारदा पारा कैम्प 2 इलाके में मंगलवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। गली में गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। नशे में धुत सात से आठ लड़कों ने मिलकर उस पर कटर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

भिलाई। जिले में लगातार बढ़ रही कटरबाजी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ताज़ा मामला भिलाई के शारदा पारा कैम्प 2 का है, जहां मंगलवार रात असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचाया। मोहल्ले में गाली-गलौज कर रहे युवकों को रोकना शारदा पारा निवासी संदीप साहू को भारी पड़ गया।

बताया जाता है कि नशे में धुत सात से आठ युवकों ने मिलकर संदीप साहू पर कटर से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल को तुरंत लाल बहादुर शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी हैं।

सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मोहल्ले में आए दिन असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त तेज करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शहर में लगातार हो रही तलवारबाजी और कटरबाजी से लोगों में भय का माहौल है।अपराधियों का हौसला बढ़ा हुआ है और अपराधी बेखौफ होकर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं।