नंदिनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात्रि लगभग 8:30 बजे नंदनी रोड स्थित दशहरा मैदान के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इस जोरदार भिड़ंत में दोनों बाइक सवारों सहित एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को पहले नंदनी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल दुर्ग रेफर कर दिया गया।

हादसा कैसे हुआ
नंदनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना रात 8:30 बजे के आसपास हुई। दशहरा मैदान के पास अचानक दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। फिलहाल तीनों घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि घायलों की उम्र देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उनमें से एक बच्चा भी शामिल है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को नंदनी अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय दुर्ग रेफर कर दिया।



मौके पर अफरा-तफरी का माहौल


घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दशहरा मैदान के पास होने के कारण वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और एक-दूसरे को देखते ही चालक संभल नहीं पाए।
पुलिस की जांच जारी
नंदनी थाना पुलिस ने दोनों बाइक को जब्त कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायलों के होश में आने और उनकी पहचान के बाद उनके परिजनों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय बाइक चालक नशे की हालत में तो नहीं थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि नंदनी रोड पर सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खराब रोशनी और तेज रफ्तार वाहन इसके मुख्य कारण हैं। दशहरा मैदान क्षेत्र में भीड़भाड़ अधिक रहती है, लेकिन ट्रैफिक कंट्रोल के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। यह हादसा एक बार फिर से ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में गश्त और सख्ती बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।







































