जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के सितारा गुटखा फैक्ट्री के संचालक और गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी को गिरफ्तार कर लिया है। जुमनानी पर गुटखा उत्पादन और बिक्री में जीएसटी चोरी का आरोप है। जीएसटी की विशेष टीम ने सितारा गुटखा फैक्ट्री और खमतराई गांव में एक साथ छापा मारा है।
स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के गनियारी स्थित सितारा गुटखा फैक्ट्री के संचालक और कुख्यात गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरमुख जुमनानी ने गुटखा उत्पादन और बिक्री में जीएसटी चोरी कर करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान पहुंचाया है। विभाग इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी टैक्स चोरी मानकर जांच को आगे बढ़ा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य जीएसटी कमिश्नर पुष्पेंद्र मीणा ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

छापेमारी का फिल्मी अंदाज़
विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला गुटखा बिक्री और जीएसटी चोरी से जुड़ा है। 28 जून को स्टेट जीएसटी की विशेष टीम ने दुर्ग के गनियारी स्थित सितारा गुटखा फैक्ट्री और राजनांदगांव जिले के खमतराई गांव में एक साथ फिल्मी अंदाज में छापेमार कार्रवाई की थी। उस दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में गुटखा बनाने का कच्चा माल, पैकिंग रैपर, तैयार स्टॉक और मशीनें जब्त की गई थी।




पहले भी जा चुका है जेल
गुरमुख जुमनानी कोई नया नाम नहीं है। इससे पहले भी वह नशे के कारोबार में शामिल होने और गैरकानूनी धंधों के आरोप में जेल जा चुका है। स्थानीय स्तर पर इसे गुटखा किंग के नाम से कुख्यात माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार गुरमुख जुमनानी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि टैक्स चोरी और अवैध कारोबार की पूरी परतें खोली जा सकें। जीएसटी विभाग अब अन्य सम्बद्ध कारोबारियों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रहा है।

शुरुआती जांच में 10 करोड़ से ज्यादा की चोरी
जांच में सामने आया कि, जुमनानी ने व्यवस्थित तरीके से टैक्स चोरी की थी। बिना बिल के कच्चा माल मंगाया जाता था। बिना इनवाइस के गुटखा की सप्लाई की जा रही थी। शुरुआती अनुमान में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की जीएसटी चोरी का पता चला है। अधिकारियों का कहना है कि, यह आंकड़ा पूछताछ और आगे की जांच में और बढ़ सकता है।
फरार होने के बाद रायपुर से गिरफ्तारी
छापे के तुरंत बाद से ही जुमनानी फरार चल रहा था। राज्य जीएसटी की टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। आखिरकार रायपुर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
अधिकारियों का कहना है कि, जुमनानी से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कुछ सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। जांच एजेंसियां अब उसके कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और सहयोगियों पर भी कार्रवाई की तैयारी में हैं।








































