भिलाई स्टील प्लांट में लिफ्टरों की हड़ताल स्थगित, ईडी वर्क राकेश सिंह से हुई बैठक में बनी सहमति

भिलाई स्टील प्लांट में लिफ्टरों की हड़ताल स्थगित, ईडी वर्क राकेश सिंह से हुई बैठक में बनी सहमति

भिलाई, 25 सितंबर 2025:
भिलाई स्टील प्लांट के ईडी वर्क श्री राकेश कुमार सिंह जी की अध्यक्षता में आज भिलाई ट्रक ट्रेलर एसोसिएशन और स्टील लिफ्टरों के प्रतिनिधियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। यह बैठक हाल ही में हुई लिफ्टरों की हड़ताल के संदर्भ में हुई, जिसमें कुछ लिफ्टरों को ब्लैकलिस्ट किए जाने और 60 वर्ष से अधिक आयु के लिफ्टरों की इन-आउट गाड़ी पासिंग की अनुमति रद्द किए जाने को लेकर विरोध किया गया था।

बैठक में ईडी वर्क श्री सिंह ने सभी पक्षों की समस्याएं सुनी और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर एक समिति गठित की जाएगी जो सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करेगी। सिंह जी के विनम्र आग्रह और निवेदन को स्वीकार करते हुए लिफ्टरों ने फिलहाल हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।

हालांकि, संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यदि प्रबंधन द्वारा इन मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जा सकता है।

बैठक में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें संरक्षक महोदय महेंद्र सिंह और सुधीर सिंह, अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, कार्यकारिणी अध्यक्ष अनिल चौधरी, महासचिव मलकीत सिंह, कोषाध्यक्ष योगा राव, सह सचिव शाहनवाज कुरैशी और वरिष्ठ लिफ्टर सदस्य धनंजय जी, दिनेश अग्रवाल, प्रेम कुमार, दिलीप खटवानी, बलजींदर सिंह आदि शामिल थे।