सेंट थॉमस महाविद्यालय में एनसीसी इकाई द्वारा कैडेट्स का रैंक सेरेमनी संपन्न

भिलाई। सेंट थॉमस महाविद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा एनसीसी कैडेट्स का रैंक सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रशासक फादर डॉ. पी. एस. वर्गीस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश के भविष्य के प्रहरी हैं। अनुशासन और कर्तव्यपरायणता उनके व्यक्तित्व को नई ऊँचाइयों तक ले जाती है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शाइनी मेंडोंस ने अपने उद्बोधन में कहा कि रैंक पाना केवल एक पदवी नहीं है बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। एनसीसी से प्राप्त प्रशिक्षण जीवनभर नेतृत्व और सेवा की प्रेरणा देता है। अधिष्ठाता डॉ. देबजानी मुखर्जी ने कहा कि रैंक सेरेमनी विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर देती है। एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. सुरेखा जवादे ने कैडेट्स को रैंक वितरित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स का व्यक्तित्व अनुशासन, निष्ठा और सेवा भाव से निखरता है। प्रत्येक रैंक एक जिम्मेदारी का दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। ले. संतोष यादव ने सभी को शुभकामनाएं दी और 37 सीजी बटालियन एनसीसी दुर्ग से आए पी आई स्टाफ श्री अमृत थापा ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि रैंक केवल पहचान नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा की दिशा में बढ़ा हुआ एक कदम है। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थी, प्राध्यापकगण एवं एनसीसी कैडेट्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।







































