नक्सलियों ने की भाजपा नेता की हत्या: नक्सलियों का खूनी खेल…,पर्चे में लिखा- इसे सजा मिली है,इलाके में दहशत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इलमिडी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैलाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की गला घोंटकर हत्या कर दी।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इलमिडी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैलाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक के शव के पास से नक्सलियों का एक पर्चा भी बरामद हुआ है। घटना के बाद इलाके में दहशत का व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सत्यम पुनेम उसूर ब्लाक के ग्राम मुजलाकांकेर का निवासी है। बीते दो दशकों से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे। सूत्रों के मुताबिक घटना बीती रात की है जब नक्सली सत्यम पुनेम के घर पहुंचे और उन्हें जबरन बाहर बुलाया। इसके बाद उनकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के शव के पास से नक्सलियों का एक पर्चा भी बरामद हुआ है, जिसमें मद्देड एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में भाजपा नेता सत्यम पुनेम पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हत्या ने पूरे संगठन को झकझोर दिया…

पर्चे में भाजपा नेता पर मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए हत्या की चेतावनी भरे अंदाज में स्वीकारोक्ति की गई है। साथ ही नक्सलियों ने बुधवार को भारत बंद का आह्वान भी किया है।घटना के बाद से इलाके में भय और तनाव का माहौल है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।स्थानीय भाजपा नेताओं ने इसे कायराना हरकत बताते हुए कहा कि सत्यम पुनेम पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे, जिनकी हत्या ने पूरे संगठन को झकझोर दिया है।