भिलाई में कबाड़ी की दुकान में लगी भीषण आग,लाखों का सामान जलकर राख…

सुबह तड़के लगी आग, दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई; शॉर्ट सर्किट की आशंका, जनहानि नहीं
भिलाई-3 में सोमवार तड़के एक कबाड़ी दुकान में अचानक आग लगने से अफरा–तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

भिलाई-3। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे भिलाई-3 क्षेत्र में स्थित वकील खान की कबाड़ी दुकान में आग लगने की घटना सामने आई। दुकान से अचानक धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया।

आग इतनी तीव्र थी कि फायर कर्मियों को दुकान के अंदर प्रवेश कर आग बुझानी पड़ी। अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि समय रहते कार्रवाई न की जाती, तो आग पास की दुकानों व मकानों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखे कबाड़ समेत अन्य सामान पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या बाहरी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और आगजनी के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक दमकल वाहन की सहायता से आग पर काबू पाया गया।