यह दुर्घटना जांजगीर पुलिस थाना क्षेत्र के सुकली गांव के पास मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को हुई। सभी लोग एक शादी में शामिल होकर लौट रहे थे।

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सुकली एनएच 49 में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों घायल लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।




जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सड़क पारा, शांति नगर, नवागढ़ के निवासी बताये जा रहे हैं। ये सभी एक शादी में बरात से वापस नवागढ़ लौट रहे थे। तभी सुकली के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई।

मृतकों के नाम
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान विश्वनाथ देवागन (43) पिता सुखरु देवागन, राजेंद्र कश्यप (27) पिता कोमल कश्यप, पोमेश्वर जलतारे (33) पिता पुरुषोत्तम जलतारे, भूपेंद्र साहू (40) पिता रेशम साहू, कमलनयन साहू (22) पिता रामचरण साहू के रूप में हुई है।







































