भिलाई में एटीएम कैश लूट कांड: एटीएम में कैश जमा करने जा रहे कर्मियों से 14.60 लाख रुपए की लूट, पुलिस ने की नाकेबंदी…,आरोपियों की तलाश तेज

भिलाई में बड़ी वारदात उस समय सामने आई जब एटीएम में कैश जमा करने जा रहे कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मियों से अज्ञात बदमाशों ने 14 लाख 60 हजार रुपए लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। यह घटना शनिवार रात की है।

मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी के दो कर्मचारी देर रात कैश लेकर एटीएम में जमा करने जा रहे थे। ग्राम कपसदा में गोयल स्कूल के पास रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच यह घटना हुई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम एटीएम में कैश डालने के लिए वह एजेंसी के कर्मचारी गाड़ी से जा रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार दो युवक गिरते हुए दिखाई दिए। जैसे ही वह उन्हें उठाने के लिए गाड़ी से उतरा, तभी बदमाशों ने मौका पाकर गाड़ी में रखे कैश वाले बैग से 14 लाख 60 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।

जिसके बाद इस घटना की सूचना कर्मियों ने तुरंत कुम्हारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखते हुए इलाके के सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदीकी और फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल, पुलिस मामले में जांच कर रही है और घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी की कार्यवाही शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लूट में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। शहर में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचित करें।