भिलाई में पहली बार बागेश्वर धाम पं. धीरेंद्र शास्त्री का आगमन होने जा रहा है. दिसंबर माह में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है. सेवा समर्थन सीमित संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

25 से 29 दिसंबर तक कथा
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त राकेश पांडेय ने कहा कि, यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 25 से 29 दिसंबर तक चलेगा. आयोजक राकेश पांडेय ने बताया कि भिलाई में पं. धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का विशाल आयोजन जयंती स्टेडियम के पास स्थित ग्राउंड में किया जाएगा।

5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना


आयोजन को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. प्रतिदिन लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए विशाल डोम और पंडालों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.


हर दिन श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे की भी व्यवस्था रहेगी. आयोजन भिलाई के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से एक ऐतिहासिक कार्यक्रम साबित होने जा रहा है।

मेडिकल कैंप समेत बुजुर्गों के लिए भी कई सुविधा
आयोजक राकेश पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है. बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से ई–रिक्शा के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की सुविधा रहेगी. साथ ही स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कैंप और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
सभी समाज ने बढ़ाया कदम
राकेश पांडेय ने कहा कि भिलाई में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगमन पहली बार हो रहा है। जिसके लिए प्रमुख रूप से साहू समाज, यादव समाज, सिख समाज, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, चंद्राकार समाज, देवांगन समाज, पूज्य सिंधी पंचायत चैंबर ऑफ कॉमर्स विभिन्न व्यापारिक संगठन सहित विभिन्न सामाजिक एवं समाजसेवी संस्थाएं सक्रियता के साथ सहयोग कर रहीं हैं।




































