कोरबा में हत्या की खबर से सनसनी फैल गई है। जहां एक शख्स ने नंदकुमार पटेल को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। लहूलुहान शव घर से कुछ दूरी पर मिला।

जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में हुई एक निर्मम हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सोमवार की सुबह, नंदकुमार पटेल नामक व्यक्ति का रक्तरंजित शव उसके घर से कुछ दूरी पर जयशंकर के घर के बाड़ी के पास आंगन में मिला। चेहरे पर गहरे जख्मों के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे थे कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल पर मौजूद गंध के आधार पर पड़ोस में रहने वाले जयशंकर के घर का पता लगाया, जिससे पुलिस का संदेह उसी पर केंद्रित हुआ। पूछताछ के बाद, मामले का खुलासा हुआ।



पत्नी के साथ हंसी-मजाक बना हत्या का कारण
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नंदकुमार पटेल का पड़ोसी जयशंकर की पत्नी के साथ हंसी-मजाक और छेड़छाड़ का सिलसिला चल रहा था। रविवार की रात जब जयशंकर घर पहुंचा, तो उसने नंदकुमार को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह देखकर जयशंकर का पारा चढ़ गया और उसने नंदकुमार के साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि जयशंकर ने घर के पास रखे एक डंडे से नंदकुमार के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।


दोनों पक्ष शादीशुदा, बच्चे भी हैं
जानकारी के अनुसार, मृतक नंदकुमार पटेल भी शादीशुदा था और उसके बच्चे भी थे। वहीं, आरोपी जयशंकर भी शादीशुदा है और उसके भी बच्चे हैं। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में आरोपी जयशंकर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कार्यवाही में जुट गई है। इस निर्मम हत्या ने ग्राम गनियारी में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है उससे पूछताछ की जा रही है।



































