भिलाई शहर में दिनदहाड़े वाहन चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। हाल के दिनों में लगभग सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आम जनता में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था में कमी का फायदा उठाते हुए अपराधी बिना किसी भय के वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मामला सामने आया है।

जिसमें पोस्ट ऑफिस दुर्ग में डाकिया पदस्थ देवेंद्र साहू ने अपनी मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स (CG07LW7103) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। 7 जनवरी की सुबह वह मोटरसाइकिल को पोस्ट ऑफिस की पार्किंग में लॉक करके काम पर चले गए। थोड़ी देर बाद जब वह फील्ड में जाने के लिए लौटे, तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल गायब है। चोरी गए वाहन की कीमत लगभग 15,000 रुपए बताई गई है।

पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात हुई। शासकीय प्राथमिक शाला बरहापुर में शिक्षक पदस्थ नोकेश्वर लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल होंडा (CG24F2276) सुबह 9 बजे राजेंद्र पार्क चौक के पास खड़ी की थी। जब वह शाम 5 बजे वापस लौटे, तो मोटरसाइकिल गायब थी। चोरी गए वाहन की कीमत 20,000 रुपए आंकी गई है। इसी तरह, उतई थाना क्षेत्र में चित्रांशु साहू के पिता धुलेंद्र साहू की मोटरसाइकिल सुजुकी (CG07CT1865) 3 जनवरी को दोपहर 2 बजे घर के सामने खड़ी थी। थोड़ी देर बाद जब वे बाहर आए, तो वाहन गायब था। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि अज्ञात आरोपी मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। चोरी गए वाहन की कीमत 50,000 रुपए आंकी गई है।




पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं में अज्ञात आरोपी शामिल हैं और कई बार ये वाहन बाद में अन्य क्षेत्रों में देखा जाते हैं या फिर खुले बाजार में बेचे जाते हैं। शहर में दिनदहाड़े होने वाली चोरी ने लोगों की सुरक्षा के प्रति चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अपनी वाहनों को हमेशा लॉक करके सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की अपील की है। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि शहर में लगातार वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए पैट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है और कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि देखे तो तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। इसके साथ ही वाहन मालिकों से अनुरोध किया गया है कि सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और वाहन लॉकिंग जैसे सुरक्षा उपायों का उपयोग करें। शहर में लगातार बढ़ रही दिनदहाड़े की चोरी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराधी अब खुलकर सार्वजनिक जगहों पर भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस और जनता दोनों को सतर्क रहकर सुरक्षा के लिए कदम उठाने की आवश्यकता है।





































