भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यापारी के सूने मकान में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। कैलाश नगर, लोहिया रोड स्थित एकता चौक निवासी व्यापारी आदित्य विक्रम केशरवानी (26) अपने परिवार के साथ मैहर माता के दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य विक्रम केशरवानी 16 जनवरी की रात करीब 7:45 बजे अपने माता-पिता और बहन के साथ घर में ताला लगाकर मैहर रवाना हुए थे। परिवार 18 जनवरी की सुबह लगभग 11 बजे वापस लौटा। घर पहुंचने पर देखा गया कि मुख्य गेट का ताला बाहर से सुरक्षित अवस्था में बंद था, लेकिन अंदर प्रवेश करने पर कुछ लाइटें जली हुई मिलीं।



जांच के दौरान पाया गया कि किचन का दरवाजा बंद था, लेकिन उसका लॉक खुला हुआ था। आगे देखने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। लॉकर में रखे सोने के दो हार, दो जोड़ी कान के सेट, तीन जोड़ी कंगन, एक कान की नथनी और मंगलसूत्र का पेंडल चोरी हो चुके थे। चोरी गए सभी जेवर पुराने और इस्तेमाल किए हुए बताए जा रहे हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है।


घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।











































