भिलाई। भिलाई क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर घटना सामने आई है। खुर्सीपार गेट और पावर हाउस के बीच राजधानी एक्सप्रेस (12441) पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किया गया। इस घटना में ट्रेन इंजन के सामने लगा कांच क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट को कोई चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना उस समय हुई जब राजधानी एक्सप्रेस बिलासपुर से नई दिल्ली की ओर जा रही थी। खुर्सीपार गेट पार करते ही अचानक ट्रेन पर पथराव किया गया, जिससे इंजन के कांच में दरार आ गई। पथराव की इस घटना से कुछ समय के लिए ट्रेन चालक दल सकते में आ गया, हालांकि स्थिति को संभालते हुए ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया।



घटना की सूचना तत्काल लोको पायलट द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी गई है।


भिलाई-3 आरपीएफ प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। पथराव जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या रेलवे अधिकारियों को दें।








































