भिलाई में औद्योगिक लापरवाही का कहर: सिसकोल प्लांट में क्रेन ऑपरेटर की लोहे की प्लेट गिरने से दर्दनाक मौत

भिलाई। हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल कंपनी के प्लांट में शनिवार सुबह एक गंभीर औद्योगिक हादसा हो गया। इस हादसे में क्रेन ऑपरेट कर रहे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत की है।

मृतक की पहचान लेखूराम कौशल (35 वर्ष) निवासी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार लेखूराम रोज़ाना की तरह सुबह अपनी ड्यूटी पर कार्यरत था। वह ओवरहेड क्रेन की सहायता से भारी लोहे की प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर रहा था। बताया जा रहा है कि क्रेन को वह स्वयं ऑपरेट कर रहा था।

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से लोहे की प्लेट क्रेन से फिसल गई और सीधे लेखूराम के ऊपर गिर पड़ी। प्लेट का वजन अत्यधिक होने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में औद्योगिक सुरक्षा मानकों के पालन और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जा रही है।

वहीं, घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों में दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से भी हादसे की जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।