दुर्ग में बेलगाम रफ्तार का कहर: ड्यूटी पर जा रहे वनपाल को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत समोदा नाले के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में वन विभाग के वनपाल ललित यादव की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक वनपाल ललित यादव कवर्धा के मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में पदस्थ थे और ड्यूटी के सिलसिले में कवर्धा से दुर्ग डाक छोड़ने आ रहे थे। इसी दौरान समोदा नाले के पास यह भीषण हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वनपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वन विभाग सहित कर्मचारियों में इस घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।