रायपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा की बड़ी चूक: मोबाइल बैन सिर्फ कागज़ों में?,आरोपी से मुलाकात के दौरान गर्लफ्रेंड ने बनाया वीडियो

रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक युवती जेल में बंद आरोपी युवक से मुलाकात कक्ष में बातचीत करती नजर आ रही है, वहीं इस दौरान मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी युवक का नाम तारकेश्वर बताया जा रहा है। आरोपी के जन्मदिन के अवसर पर उसकी प्रेमिका उससे मिलने रायपुर सेंट्रल जेल पहुंची थी। मुलाकात के दौरान युवती ने अपने मोबाइल फोन से बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

गौरतलब है कि जेल के मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद युवती का मोबाइल के साथ मुलाकात कक्ष तक पहुंचना और वहां वीडियो रिकॉर्ड होना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या मुलाकात से पहले कोई सुरक्षा जांच की गई थी? और यदि जांच हुई, तो मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा?

वीडियो सामने आने के बाद यह मामला जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो की जानकारी फिलहाल जेल प्रबंधन को नहीं थी, जबकि सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो चुका है।

इस घटना ने एक बार फिर जेलों में सुरक्षा, निगरानी और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले में जेल प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।