दुर्ग साइबर सेल की टीम ने खोज निकाले चोरी के 120 फ़ोन

दुर्ग साइबर सेल की टीम ने साल 2020 से लेकर 2021 के बीच गुम हुए 120 नग मोबाइल फोन को खोज निकाला है। एसएसपी दुर्ग बीएन मीणा ने इसका खुलासा करते हुए मोबाइल धारकों को उनका फोन वापस दिया। मोबाइल पाकर मोबाइल धारक काफी खुश हुए।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी दुर्ग बीएन मीणा ने बताया कि 2020-2021 के बीत एक साल के अंदर 600 मोबाइल फोन गुमे थे। सभी आवेदनों की पताशाजी करते हुए पुलिस ने 120 मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया और उनका पता लगाया। सभी मोबाइल को जब्त कर पुलिस ने उनके मालिकों को फोन किया और उन्हें फोन वापस किया गया। एएसपी सिटी संजय ध्रुव ने बताया कि मोबाइल फोन गुमने की शिकायतें मिली थीं। इसमें कुछ मामलों में एफआईआर भी दर्ज की गई थी। पाए गए सभी मोबाइल फोन की जांच में पाया गया है कि सभी मोबाइल कहीं न कहीं गिरे हुए थे। उन्हें किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा पाया गया और पुलिस सौंपा गया है। इसलिए इन सभी मामलों का खत्मा किया जाएगा।


भिलाई निवासी दीपक अग्रवाल ने बताया कि उसका 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल 6 माह पहले गुम हुआ था। पुलिस को आवेदन देकर भूल गया कि मोबाइल मुझे दोबारा मिलेगा। दीपक ने नया मोबाइल भी खरीद लिया था। जब पुलिस का उनके पास फोन आया और बताया गया कि आपका गुम हुआ मोबाइल मिल गया है। तो काफी खुशी हुई कि खोया हुआ मोबाइल मिल गया।

दुर्ग निवासी संजय साहू ने बताया कि साल भर पहले उसका मोबाइल खोया था। 26 जनवरी की शाम को फोन आया और बताया गया कि आपका फोन गुम हुआ था वह मिल गया है। यह सुनकर काफी खुश हुआ। उस मोबाइल में मेरी काफी यादगार फोटो और वीडियो थे। कुछ जरूरी मैसेज थे। अब वह मुझे फिर से मिल जाएगा। इसे लेकर संजय साहू ने पुलिस का धन्यवाद दिया।