छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दांडेसरा में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं समेत 9 लोग घायल हो गए। दोनों ओर से लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला किया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। पहले भी जमीन को लेकर दोनों परिवारों में हिंसक झड़प हो चुकी है। उस समय भी टंगिया से हमला हुआ था और मामला पुलिस चौकी तक पहुंचा था, जहां समझौता कराया गया था। लेकिन इस बार पानी की समस्या ने पुरानी रंजिश को फिर भड़का दिया।
बताया जा रहा है कि गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली गुल थी, जिसके चलते पानी की भारी किल्लत हो गई थी। इसी बीच पंचायत की पानी टंकी की चाबी को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने पानी की टंकी की चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचायत परिसर में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और खूनी संघर्ष शुरू हो गया।
पहले पक्ष की ओर से मोनू यादव ने आरोप लगाया कि उसका चाचा भैंस चराने खेत गया था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। मोनू के मुताबिक सियाराम, रितेश, नकूल और सहदेव ने मिलकर टंगिया और डंडों से हमला किया। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके ऊपर भी हमला कर दिया गया, जिससे उसके हाथ और कंधे में गंभीर चोट आई। उसने बताया कि उनके पक्ष के 5 लोग घायल हुए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सियाराम की बेटी ने आरोप लगाया कि बिरबल, भगवती, हरखंड, शिवप्रसाद और चेतन उनके घर में घुसकर मारपीट करते हैं। उसने बताया कि गांव में पानी की समस्या के चलते वे पंचायत से चाबी लेकर पानी भरने पहुंचे थे, लेकिन वहां ताला लगा दिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हुई और फिर हमला कर दिया गया। उसने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई और खेत-खार तक पीछा कर हमला किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। देर रात पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। छत्तीसगढ़ पुलिस की जेवरा सिरसा चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









