अनियमित बिजली कटौती से लोग हलाकान, भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जताया आक्रोश
अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने अधीक्षण यंत्री को सौंपा ज्ञापन, कई समस्याएं बताई
समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग, जन आंदोलन की चेतावनी भी
भिलाई नगर। लगातार अनियमित बिजली कटौती से लोगों को हो रही परेशानियों को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लिया है।अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार, 11 जून को सीएसईबी के अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंप इस घोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद किए जाने की मांग की। साथ ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्या,मीटर रीडरो के बेरोजगार होने, मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति करने आदि समस्यायों के तत्काल निदान की मांग की गई। ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते हुए अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने अधिकारियों को बताया कि मानसून पूर्व संधारण कार्य के नाम पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। मेंटेनेंस के बावजूद पहली ही बारिश में विद्युत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। विभाग को चाहिए कि वह संधारण कार्य को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ पूरा करे, ताकि वर्षा ऋतु में आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
अधीक्षण यंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि विद्युत वितरण कंपनी में आवश्यक स्पेयर पार्ट्स जैसे कट-आउट, इंसुलेटर, बस-बार सहित अन्य सामग्री की भारी कमी है। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के पास विद्युत पैनल खुले पड़े हैं, जो न केवल तकनीकी लापरवाही को दर्शाते हैं बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं।
श्री चंद्राकर ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली लागू होने के बाद लगभग 5000 मीटर रीडरों के समक्ष रोजगार का गंभीर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने मांग की कि पिछले 20 वर्षों से विभाग के लिए सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों को मानवीय आधार पर विभाग में अन्य उपयुक्त कार्यों में समायोजित किया जाए ताकि उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो। उन्होंने मेंटेनेंस के नाम पर आवश्यकता से अधिक पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने में विशेष रूप से मुकेश चंद्राकर, नरसिंह नाथ, जी राजू, सीजू एंथोनी, रविंदर सिंह, भूपेंद्र यादव, मोहम्मद रफीक, दर्शन सिंह, आनंद डोंगरे, जितेश बंजारे, गोविंद कोसले, शोएब, स्वप्निल जैन, दिनेश पटेल, अली हुसैन सिद्दीकी, उमा शंकर साहू, हीरा शंकर साहू, विनोद यादव, मेरिक सिंग, इमरान खान, जावेद खान, राजेश साहू, अजय यादव, लाल चंद वर्मा, प्रभाकर जनवंधु, राजेश चौधरी, शीर्षिज घोष, सोनू अंसारी, मनीष शुक्ला, फायाज़ अहमद, खानजी और अन्य साथी उपस्थित थे।











