मैं फिट हूं, बहुत जल्द घर आऊंगा: पत्नी ने बताया किस हाल में हुई पति की वतन वापसी,वतन वापसी पर BSF जवान की पत्नी ने शेयर की पति से हुई बातचीत,कहा- PM मोदी ने मेरा सुहाग…

बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार की बुधवार को पाकिस्तान से वतन वापसी हुई है। पूर्णम कुमार की भारत में वापसी से देशभर में खुशी का माहौल है। जवान के परिजनों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। जवान पूर्णम कुमार शॉ की पत्नी रजनी शॉ ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उनके पति ने उन्हें वीडियो कॉल किया है। वह शारीरिक रूप से एकदम फिट हैं और जल्द घर आएंगे।

रजनी ने बताया कि 23 दिन बाद पति से बात करने के दौरान वे भावुक हो गईं और उन्हें भावुक देखकर पति भी भावुक हुए। पति की वतन वापसी पर रजनी ने कहा, “यह सभी के योगदान से संभव हो पाया है। मैं पीएम मोदी का आभार जताना चाहती हूं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी काफी सपोर्ट किया है। वीडियो कॉल पर 23 दिन बाद पति से बात करने पर आज बहुत खुशी हो रही है। पहले तो मुझे विश्वास नहीं हो रहा था। उनकी वतन वापसी पर परिवार में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई है। अब वह घर आएंगे तो उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।”

रजनी ने बताया कि भारत-पाक के तनाव के बीच हम लोग काफी डरे हुए थे कि अब क्या होगा। लेकिन, भारत सरकार के सहयोग से मेरे पति वतन लौटे हैं।” जवान पूर्णम कुमार के पिता भोला नाथ शॉ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि मेरा बेटा भारत लौटा है। मैं बहुत खुश हूं और मैं इसके लिए पीएम मोदी, गृह मंत्री और राजनाथ सिंह को धन्यवाद देता हूं। हम लोगों ने 23 दिन कैसे गुजारे हैं, इसे हम शब्दों में बयां नहीं कर सकते हैं। बेटे की वापसी के लिए हम लोगों ने काफी संघर्ष किया। आखिरकार हमारा संघर्ष काम आया है और आज मेरा बेटा भारत की जमीन पर पहुंचा। वह घर आएगा तो उसका जोरदार स्वागत किया जाएगा। मेरा बेटा भारत माता का सपूत है और वह आगे भी भारत माता की रक्षा के लिए तैनात होगा।”

पहलगाम आतंकी हमले पर जवान के पिता ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। हमारे निर्दोष लोगों को आतंकियों ने मार डाला। मैं पीएम मोदी से अपील करना चाहता हूं कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें, जिससे हमारे देश में सभी नागरिक प्रेमपूर्वक रह सकें। बता दें कि देश में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद तिरंगा यात्रा भी निकाली जा रही है और देशवासी सेना के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। भारतीय जवान की वतन वापसी होने से देशवासियों की खुशी इस वक्त दोगुनी हो गई है।

मोदी जी ने मेरे सुहाग को लौटा दिया-रजनी शॉ
पूर्णम कुमार शॉ की पत्नी ने कहा इस घड़ी में पूरा देश मेरे साथ खड़ा था। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए रजनी शॉ ने कहा कि हमारे देश में मोदी हैं तो सब मुमकिन हैं। 22 तारीख को पहलगाम हमला हुआ और 15 दिन बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उन्होंने इस हमले का बदला लिया, पीएम मोदी ने सबके सुहाग का बदला लिया। इसके बाद उन्होंने मेरे सुहाग को भी वापस ला दिया। मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं।

20 दिन बाद जवान की वतन वापसी
पूर्णम कुमार के पाकिस्तान के कैद से लौटने की जानकारी बीएसएफ की ओर से प्रेस रिलीज के जरिये दी गई। इसमें बताया गया कि जेसीपी अटारी पर पाक रेंजर्स द्वारा बीएसएफ जवान को सौंपा गया। आज सुबह करीब 10.30 बजे कांस्टेबल पूर्णम कुमार शॉ को अटारी वाघा सीमा पर बीएसएफ द्वारा पाकिस्तान से वापस लाया गया।