हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में भारी बारिश से फ्लैश फ्लड आया, जिससे रोड और हाईड्रो प्रोजेक्ट कंपनी का शेड बह गया. जीवा नाले में बाढ़ से भारी मलबा नदी में आया।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सैंज घाटी और तीर्थन वैली में दो जगह बुधवार को बादल फटने से बाढ़ आ गई. यहां पर भारी बारिश के चलते सीयूंड में जीवा ना ले में बाढ़ आ गई है. यहां इस वजह से भारी मलबा नदी में आया है और काफी ज्यादा नुकसान की आंशका है. यहां पर रोड बह गया है और साथ ही हाईड्रो प्रोजेक्ट कंपनी का एक शेड भी बहा है. सैंज में पहाड़ी पर भारी बारिश के चलते फ्लैश फ्लड आया और स्कूटी बह गई. मणिकर्ण वैली में बाण गंगा में भी बाढ़ आ गई है. क्योंकि तोष की पहाड़ियों पर भारी बरसात हुई है।

जानकारी के अनुसार, पूरे हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मॉनसून की एंट्री हो गई और ऐसे में बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सैंज में फ्लैश फ्लड की कुछ वीडियो सामने आई हैं. जिसमें युवक बता रहे हैं कि सैंज में जीवा नाले में बाढ़ आ गई. वहीं, अब सैंज बाजार को भी यहां पर खतरा पैदा हो गया. वहीं सैंज के बिहाली गांव को भी खतरा बढ़ गया है क्योंकि यहां पर फ्लैश फ्लड की वजह से नाले के साथ लगते गांव की भूमि कट गई है. उधर, बारिश के चलते आनी-कुल्लू NH 305 फड़ेलनाला और आनी चवाई मार्ग गुगरा के पास अवरुद्ध है. वहीं, मणिकरर्ण के कसोल में नाले में कुछ गाड़ियों के बहने की भी सूचना है।


कुल्लू की सैंज घाटी में बादल फटने के कारण मंडी में पंडोह बांध के स्पिलवे गेटों के माध्यम से पंडोह बांध के बहाव क्षेत्र में अधिक पानी छोड़ा जाएगा. ऐसे में बीबीएमबी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि पंडोह बांध के बहाव क्षेत्र में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ जाएगा और स्थानीय लोग और पर्यटकों को ब्यास नदी के किनारों के पास न जाएं।



बंजार से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी ने बताया कि जिले के बंजार उपमंडल में 2 जगह बादल फटे हैं. तीर्थन वैली और और सैंज घाटी के जीवा नाला में बाढ़ आ गई है.
मणिकर्ण में भी फ्लैश फ्लड
उधऱ, मणिकर्ण घाटी में भी बाणगंगा में बाढ़ आ गई. यहां पर तोष की पहाड़ियों में अधिक बारिश के चलते बाण गंगा और पावर्ती नदी के संगम से कुछ दूर पहले नदी किनारे घरों में पानी घुसा है. वहीं, सैंज वैली में हाईड्रो प्रोजेक्ट के कर्मचारियों के रहने के शेड बह गए हैं. फिलहाल, कुल्लू से लेकर मंडी तक अलर्ट भेजा गया है. क्योंकि ब्यास नदी में भी पानी बढ़ गया है. कुल्लू के बंजार के मैंगलौर में भी नाले में सैलाब आया है. अहम बात है कि नदी नालों में बड़े बड़े पेड़ बहकर आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात को कांगड़ा के पालमपुर में 145.4, जोगिंदरनगर 113.0, नाहन 94.0, बैजनाथ 85.0, पांवटा साहिब 58.4, गोहर 55.0, कांगड़ा 37.4, जोत 30.0, रायपुर मैदान 29.2, अंब 25.6 व कसौली में 22.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. बुधवार को भी बारिश लगातार जारी है।













































