बेमेतरा जिले में महिला ने नशे में मारपीट करने वाले पति की हंसिए से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला रीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम लेंजवारा बुचीडीह में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी पत्नी रीना पारधी ने अपने पति अभिषेक सिंह उर्फ बिहारी की सब्जी काटने वाले लोहे के हंसिए से हत्या कर दी। पुलिस ने रीना को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बेरला थाना प्रभारी टीआई कृष्णकांत सिंह ने बताया कि रीना पारधी और अभिषेक सिंह पिछले 6-7 वर्षों से ग्राम लेंजवारा बुचीडीह के पारधी पारा में साथ रह रहे थे। 6 जुलाई 2025 की रात दोनों ने खाना खाया और सो गए। 7 जुलाई की रात करीब 12:30 से 1:30 बजे के बीच अभिषेक, जो नशे में था ने घर आकर रीना के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इससे रीना को चोटें आईं। गुस्से में आकर रीना ने घर में रखे सब्जी काटने वाले लोहे के हंसिए से अभिषेक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।




घटना के बाद रीना ने अपने माता-पिता के घर जाकर बताया कि अभिषेक की हत्या धारदार हथियार से कर दी गई है। पुलिस ने शुरू में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रीना पर शुरुआत से ही शक था। अभिषेक के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने रीना से सघन पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गुरुवार 10 जुलाई को रीना को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया










































