इंद्रजीत सिंह (छोटू) ने योग साधकों संग किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ समाज-सशक्त भारत का दिया संदेश
भिलाई। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई एवं पतंजलि योग साधक समिति, कान्हा पार्क कोहका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से इंद्रजीत सिंह (छोटू) शामिल हुए और योग साधकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह (छोटू) ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूत करता है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में नियमित योगाभ्यास को दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है, मन एकाग्र होता है और व्यक्ति समाज तथा राष्ट्र निर्माण में अधिक सकारात्मक भूमिका निभा सकता है। योग के माध्यम से स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार की जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, प्रतिदिन योग करने तथा योग के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
इंद्रजीत सिंह (छोटू) ने सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई एवं पतंजलि योग साधक समिति के पदाधिकारियों, आयोजकों और सभी योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच का वातावरण तैयार करते हैं।











