भिलाईवासियों के आवास अधिकारों के लिए सीजू एन्थोनी की पहल, पूर्व बीएसपी कर्मचारियों को रिटेंशन योजना और लीजधारकों को राहत देने की मांग
इस्पात मंत्रालय और सेल मुख्यालय को ई-मेल भेजकर उठाया आवास समस्या का मुद्दा, लीज नवीनीकरण, नामांतरण और पेनल्टी में राहत देने की मांग
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के प्रभारी महापौर सदस्य राजस्व, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सीजू एन्थोनी ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन से वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों, अधिकारियों, लीजधारकों और व्यापारियों से जुड़ी आवासीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में इस्पात मंत्रालय एवं सेल मुख्यालय को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर भिलाईवासियों को राहत प्रदान करने की मांग उठाई है।
सीजू एन्थोनी ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना और विकास में यहां के कर्मचारियों, अधिकारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कई कर्मचारियों ने अपना पूरा जीवन बीएसपी की सेवा में समर्पित कर दिया। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आवास को लेकर असुरक्षा और अनिश्चितता का सामना करना पड़े, यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि लंबे समय तक बीएसपी में सेवा देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके योगदान के सम्मान स्वरूप आवास संबंधी उचित राहत दी जानी चाहिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए रिटेंशन योजना लागू करने की मांग
सीजू एन्थोनी ने कहा कि राउरकेला और भिलाई दोनों सेल की इकाइयां हैं, लेकिन राउरकेला में कंपनी आवासों को लाइसेंस योजना के तहत उपलब्ध कराने की व्यवस्था जारी है, जबकि भिलाई में इस योजना को बंद कर दिया गया है। पूर्व में लाइसेंस योजना के तहत आवास में रह रहे कई कर्मचारियों के आवास का नवीनीकरण भी नहीं किया जा रहा है। इसके कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों के सामने अपने आवास को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
उन्होंने मांग की कि भिलाई में भी आवास रिटेंशन योजना एवं लाइसेंस योजना का लाभ दिया जाए, ताकि वर्षों तक संयंत्र की सेवा करने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद आवास के लिए परेशान न होना पड़े। एक ओर महंगाई का दबाव है और दूसरी ओर पेनल्टी दर से किराया वसूले जाने की स्थिति प्रभावित परिवारों की मुश्किलें बढ़ा रही है। बीएसपी और सेल प्रबंधन को इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
लीजधारकों की समस्याओं का भी हो स्थायी समाधान
सीजू एन्थोनी ने कहा कि बीएसपी की आर्थिक परिस्थितियों और कठिन दौर में भी अनेक लोगों ने भविष्य की परवाह किए बिना कंपनी के आवास लीज पर लिए थे। आज इन आवासों में बड़ी संख्या में दूसरी पीढ़ी के परिवार निवास कर रहे हैं। आने वाले 5 से 6 वर्षों में लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया सामने आएगी। ऐसे में उम्रदराज पूर्व कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ नई पीढ़ी के मन में भी अपने आवास के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
उन्होंने मांग की कि लीज आवासों के नामांतरण की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। नामांतरण के नाम पर भवनों में तोड़फोड़ की प्रक्रिया पर भी रोक लगाई जानी चाहिए। इससे न तो किसी पक्ष को वास्तविक लाभ होता है और न ही समस्या का स्थायी समाधान निकलता है, बल्कि उपयोगी निर्माण सामग्री और संपत्ति का नुकसान होने से राष्ट्रीय क्षति होती है।
दुकानदारों को भी मिले लीज नवीनीकरण में राहत
सीजू एन्थोनी ने भिलाई के मार्केट एरिया में स्थित दुकानों के लीज नवीनीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि दुकानदारों की दुकानों का लीज नवीनीकरण बिना पेनल्टी और दंड ब्याज के किया जाए, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि भिलाई केवल एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की मेहनत, त्याग और संघर्ष से विकसित हुआ शहर है। इसके निर्माण और विकास में बीएसपी कर्मचारियों के साथ-साथ व्यापारियों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दिया है। इसलिए सभी वर्गों की समस्याओं का समाधान करना आवश्यक है।
पहले भी प्रबंधन के सामने उठा चुके हैं मुद्दा
सीजू एन्थोनी ने बताया कि वे पूर्व में भी सेल के उच्चाधिकारियों से विभिन्न स्तरों पर चर्चा कर ज्ञापन सौंप चुके हैं। अब एक बार फिर भिलाईवासियों की आवास संबंधी समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए इस्पात मंत्रालय एवं सेल मुख्यालय को ई-मेल के माध्यम से मांग पत्र भेजा गया है।
उन्होंने बीएसपी एवं सेल प्रबंधन से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए आवास रिटेंशन योजना लागू करने, लाइसेंस योजना का नवीनीकरण करने, लीज आवासों के नामांतरण की प्रक्रिया सरल बनाने तथा मार्केट एरिया की दुकानों के लीज नवीनीकरण में पेनल्टी और दंड ब्याज से राहत देने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए।
सीजू एन्थोनी ने कहा कि भिलाईवासियों की आवास संबंधी समस्याओं का समाधान करना समय की आवश्यकता है। यह केवल वर्तमान पीढ़ी का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और उनकी विरासत से जुड़ा विषय है। सामूहिक प्रयासों से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है, ताकि भिलाई के परिवारों को आवास की अनिश्चितता से मुक्ति मिल सके।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।