प्रधानमंत्री मोदी ने योग को दिलाई वैश्विक पहचान, कोहका में कन्हैया सोनी के साथ गूंजा ‘स्वस्थ भारत–सशक्त भारत’ का संकल्प
भिलाई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चांदनी चौक स्थित तीन दर्शन मंदिर, कोहका मंडल में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी ने वरिष्ठजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर कन्हैया सोनी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन, वैज्ञानिक और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली और आज 21 जून को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में उत्साह के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, अनुशासित और स्वस्थ बनाता है। आज के भागदौड़ भरे जीवन में योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।
कन्हैया सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर सम्मान मिला है। योग आज विश्व के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है और भारत की पहचान ‘विश्व गुरु’ के रूप में और अधिक सशक्त हो रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ भारत एवं सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान वरिष्ठजन, भाजपा कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में कन्हैया सोनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से नियमित योग अपनाने की अपील की।











