जुनवानी के “लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब” में देर रात अवैध शराब का खेल उजागर, 64 बीयर बोतल के साथ संचालक गिरफ्तार
दुर्ग। जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सुपेला क्षेत्र के जुनवानी स्थित “लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब” में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बीयर बिक्री करते हुए क्लब संचालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात्रि में विशेष टीम द्वारा क्लब की जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि क्लब संचालन का निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद संचालक द्वारा अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से ग्राहकों को बीयर उपलब्ध कराई जा रही थी।
और भी चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि क्लब की छत पर बीयर का स्टॉक छिपाकर रखा गया था, जिसे देर रात ग्राहकों को परोसा जा रहा था। मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से 64 बोतल स्टॉक कंपनी बीयर (कुल 41.600 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12,800 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-04 भिलाई के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, उप निरीक्षक उत्तम कुमार साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसाय संचालकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी