वृंदानगर कैंप-1 में महिला स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भैया’ की पहल से महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का अवसर
भिलाई। वृंदानगर कैंप-1 स्थित प्रवास आंध्रपाठशाला परिसर में आज महिला स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भैया’ के करकमलों से उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई की पहल से शुरू हुआ यह केंद्र क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें कौशल विकास से जोड़ने और रोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से महिलाओं को दोना-पत्तल निर्माण, रूई बत्ती, वाइपर, मोप, झोला निर्माण, सिलाई-कढ़ाई तथा ब्यूटी पार्लर से जुड़े कार्यों का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंजीयन फॉर्म प्राप्त किए। आयोजकों के अनुसार, प्रशिक्षण कार्य का विधिवत संचालन अगले दिन से शुरू कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रवास आंध्रपाठशाला के अध्यक्ष पापा राव, महासचिव दिनेश राव, समाज के वरिष्ठ सदस्य मोहन राव, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश्वर राव, बी. कोलम्मा, निर्मला देवी, प्रमिला देवी, वार्ड पार्षद अरविंद राय, योगेश राव, पूर्व पार्षद जी. राजू सहित शैक्षणिक संस्था के शिक्षकगण, माताएं, बहनें एवं युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आदर्श नगर, कैंप-1, अर्जुन नगर, स्टील नगर एवं वृंदानगर से सैकड़ों की संख्या में लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र उनके जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह खोलेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित माताओं, बहनों एवं पाठशाला के पदाधिकारियों ने इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भैया’ का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।