31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी भव्य छत्तीसगढ़ी फिल्म “जान लेबे का”
छत्तीसगढ़ी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म “जान लेबे का” आगामी 31 जुलाई को 70 सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। मनोरंजन, भावनाओं, एक्शन और सामाजिक संदेश से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार है।
फिल्म का निर्देशन आलेख चौधरी ने किया है, जबकि इसके निर्माता लक्ष्मी प्रकाश जयसवाल हैं। फिल्म का वितरण छत्तीसगढ़ी सिनेमा के प्रतिष्ठित फिल्मकार सतीश जैन द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म में मन कुरैशी, दीक्षा जयसवाल, लक्षित झांझी और काजल सोनबेर मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे। सभी कलाकार संजय बत्रा, मनमोहन ठाकुर, हेमलता कोसल कॉमेडियन,रोहित चंदेल,पप्पू चंद्राकर , राजेन्द्र कपूर,चन्द्र कला तिवारी, दिव्या साहू , उपासना वैष्णव, घनश्याम मिरज़ा, टिकेश्वर ,मुकेश साहू,नीरज उइकेअपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली किरदारों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
“जान लेबे का” केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक सशक्त कहानी भी है। फिल्म में दो भाइयों के रिश्तों, उनके प्रेम, संघर्ष और टकराव को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही पारिवारिक मूल्यों, हास्य, रोमांच और जल, जंगल, जमीन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। यही वजह है कि यह फिल्म सामाजिक, पारिवारिक और राजनीतिक विषयों का संतुलित संगम प्रस्तुत करती है।
तकनीकी दृष्टि से भी फिल्म बेहद भव्य है। इसकी शूटिंग पाँच अलग-अलग शेड्यूल में पूरी की गई है। फिल्म के VFX का कार्य बाहरी विशेषज्ञों द्वारा किया गया है, जिससे इसके दृश्य और अधिक आकर्षक एवं प्रभावशाली बने हैं। इसके अलावा पानी के बीच बोट पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं, जिन्हें बड़े पैमाने पर शूट किया गया है।
फिल्म के निर्माता लक्ष्मी प्रकाश जयसवाल ने इस प्रोजेक्ट को भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। फिल्म के एक महत्वपूर्ण एक्शन दृश्य को वास्तविक रूप देने के लिए उन्होंने अपनी जीवन की पहली कार को ब्लास्ट सीक्वेंस में इस्तेमाल करने का साहसिक निर्णय लिया। यह उनके फिल्म के प्रति समर्पण, जुनून और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
रिलीज़ तक फिल्म का कुल बजट लगभग ₹1.5 करोड़ से ₹2 करोड़ के बीच बताया जा रहा है, जो इसे छत्तीसगढ़ी सिनेमा की महत्वाकांक्षी और बड़े बजट की फिल्मों में शामिल करता है।
फिल्म की पूरी टीम को विश्वास है कि “जान लेबे का” अपने दमदार विषय, शानदार तकनीक, मनोरंजक प्रस्तुति और भावनात्मक कहानी के कारण दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल करेगी।








