दुर्ग। जिले के छातागढ़ क्षेत्र के पास रविवार शाम शिवनाथ नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें नहाने गए पांच दोस्तों में से दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21), पिता मोहम्मद इक़बाल और मोहम्मद ईशांत (13), पिता मोहम्मद जाकिर, निवासी कैलाश नगर दुर्ग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ रविवार शाम नदी में नहाने पहुंचे थे।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार पांचों दोस्त नदी में नहा रहे थे, लेकिन किसी को भी तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान अचानक फैजल और ईशांत नदी के गहरे हिस्से में चले गए। बताया जा रहा है कि उस स्थान पर पानी की गहराई लगभग 10 से 20 फीट थी। गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
उनके साथ मौजूद अन्य तीन दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। किसी तरह वे खुद सुरक्षित बाहर निकल आए और तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ
घटना की जानकारी मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रात करीब 8 बजे दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।
एसडीआरएफ के जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम बिना देरी के घटनास्थल पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव, ईश्वर खरे सहित अन्य जवानों ने गहरे पानी में उतरकर डिप डाइविंग के जरिए शवों को बाहर निकाला।
जांच शुरू, क्षेत्र में शोक
शवों को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया, जिसके बाद पुलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गहरे पानी में चले जाना और तैरना न आना बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद कैलाश नगर सहित आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के बेहतर इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।