राष्ट्रीय कप सिस्टो बॉल प्रतियोगिता में के. डी. पब्लिक स्कूल, दुर्ग की छात्राओं ने रचा गौरवशाली इतिहास, छत्तीसगढ़ टीम ने कर्नाटक को 26–16 से हराकर जीता चैंपियनशिप खिताब
वाराणसी स्थित सेंट के .सी. मेमोरियल स्कूल में आयोजित सातवीं जूनियर नेशनल एवं छठवीं फेडरेशन कप सिस्टो बॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने कर्नाटक को 26–16 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में के. डी. पब्लिक स्कूल, दुर्ग की आठ छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
इस शानदार जीत में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं शारण्या बघेल, नंदिनी पटेल, ज्योति सिद्ध एवं वैष्णवी शर्मा (कक्षा 12वीं), तिशा साहू एवं छवि साहू (कक्षा 10वीं), एकता दिलीवर (कक्षा 9वीं) तथा मोनिशा पिल्लई (कक्षा 7वीं) ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और समर्पण से महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और बेहतरीन टीम भावना का परिचय देते हुए विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार तालमेल, दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक की टीम को 26–16 से शिकस्त दी और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस शानदार सफलता में टीम की कोच सुश्री तेजस्विनी निर्मलकर का मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण भी अत्यंत सराहनीय रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, निरंतर प्रोत्साहन और अथक प्रयासों ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने तथा टीम को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर के. डी. पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री बिनोद कुमार एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्राओं तथा कोच सुश्री तेजस्विनी निर्मलकर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। प्राचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और कोच के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और लगन से विद्यालय एवं प्रदेश का मान बढ़ाया है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें खेलों में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।