भिलाई में श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन स्ट्रक्चर ढहा, 12 मजदूर घायल

भिलाई के श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज कैंपस में दोपहर निर्माणाधीन सेंटरिंग का अचानक ढांचा ढह गया, जिसमें खाना खा रहे सात मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

भिलाई। श्रीशंकराचार्य मेडिकल कॉलेज कैंपस में निर्मित हो रहे अभिषेक मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मजदूर सेंटरिंग डालने से पहले स्ट्रक्चर तैयार कर नीचे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरा स्ट्रक्चर भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में कुल सात मजदूर—संतोष यादव, गोलू, प्रदीप साहू, शुभम, जगत और मिथुन—घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला और पास ही स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना मिलते ही स्मृति नगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। निर्माण कार्य की जिम्मेदार एजेंसी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम आवश्यक बिंदुओं की जांच कर रही है।