गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा साहिब जी, कोहका में श्रद्धा और भक्ति के साथ मना प्रकाश पर्व, शब्द-कीर्तन में निहाल हुई संगत
भिलाई। गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा साहिब जी, कोहका में धन-धन बाबा बुढ़ा साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में शब्द-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी श्रद्धा के साथ संगत ने भाग लिया। गुरबाणी के मधुर स्वर से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। संगत ने गुरु चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और खुशहाली की अरदास की तथा गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सिख पंचायत, भिलाई-दुर्ग के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही। पंचायत की ओर से श्री जसवीर सिंह चहल, श्री पलविंदर सिंह रंधावा, श्री गुरुनाम सिंह, श्री बलदेव सिंह एवं श्री हरपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं, सिख यूथ सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह छोटू एवं कोषाध्यक्ष श्री मलकीत सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान बीबी कुलवंत कौर जी ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को सिरोपाओ भेंट कर सम्मानित किया। सिख परंपरा में सिरोपाओ गुरु घर की ओर से सम्मान, सत्कार और आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है। सम्मान समारोह के दौरान गुरु घर की परंपराओं और आपसी भाईचारे की भावना देखने को मिली।
प्रकाश पर्व के अवसर पर उपस्थित संगत ने सिख धर्म की महान परंपराओं, सेवा, सिमरन, विनम्रता और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने समाज में धार्मिक आस्था, एकता और परस्पर सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ सिख पंचायत, भिलाई-दुर्ग की ओर से बाबा बुढ़ा साहिब जी के प्रकाश पर्व पर समस्त संगत को शुभकामनाएं दी गईं। अरदास की गई कि गुरु साहिब सभी पर अपनी मेहर बनाए रखें और हर परिवार को सुख, शांति, समृद्धि तथा चढ़दी कला प्रदान करें।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।