कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी में सिलसिलेवार विस्फोट की घटना सामने आई है। इस कायराना नक्सली करतूत में कुल 11 सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में उस समय हुई, जब सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान पर थे। नक्सलियों द्वारा पूर्व से बिछाए गए प्रेशर आईईडी में एक के बाद एक विस्फोट हुए, जिससे जवान घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि सभी घायल सुरक्षाकर्मियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।




बीजापुर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नक्सलियों की इस नापाक साजिश के बावजूद सुरक्षा बलों का मनोबल पूरी तरह मजबूत है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नक्सली हिंसा के जरिए शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षाबल उनके मंसूबों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने देंगे।











































