भिलाई के प्रमुख बाजार में शराब दुकान खोलने के फैसले पर उठे सवाल, व्यापारियों और नागरिकों में भी नाराज़गी की आशंका
भिलाई नगर के सेक्टर-6 ए मार्केट में शराब दुकान खोलने के प्रस्तावित निर्णय को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पालिक निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य एवं पार्षद साकेत चन्द्राकर ने इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए इसे जनहित के खिलाफ और अव्यवहारिक बताया।
पार्षद साकेत चन्द्राकर ने छत्तीसगढ़ शासन के आबकारी विभाग द्वारा सेक्टर-6 ए मार्केट में शराब दुकान खोलने के निर्णय पर गहरा आश्चर्य व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ए मार्केट भिलाई नगर टाउनशिप का सबसे बड़ा और प्रमुख बाजार है, जहां पूरे शहर से लोग अपने परिवार के साथ खरीदारी करने आते हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान खोलना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे बाजार का पारिवारिक वातावरण भी प्रभावित होगा।
उन्होंने आशंका जताई कि इस निर्णय से बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था बढ़ सकती है और महिलाओं व बच्चों के लिए आवागमन असुरक्षित हो सकता है। इसके अलावा, इससे आसपास के व्यापारियों के व्यवसाय पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना है।
पार्षद ने यह भी बताया कि क्षेत्र के खाली मैदानों और जर्जर भवनों में पहले से ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियां देखी जाती रही हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से नशाखोरी और आपत्तिजनक गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यह निर्णय भविष्य में सेक्टर-6 की कानून व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकता है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां सरकार को स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए, वहीं शराब दुकानों की संख्या बढ़ाना समाज के हित में नहीं है।