जगदलपुर में खाकी के जवान का खौफनाक कदम! प्रशिक्षु DSP के गनमैन ने इंसास से खुद को मारी गोली, पारिवारिक विवाद से था परेशान
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से पुलिस विभाग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां प्रशिक्षु डीएसपी के गनमैन के रूप में तैनात आरक्षक ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अपनी सर्विस इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे आरक्षक गंभीर रूप से घायल होने से बच गया। घायल जवान का महारानी अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना सोमवार दोपहर जगदलपुर शहर के पथरागुड़ा इलाके की बताई जा रही है। घायल आरक्षक की पहचान 30 वर्षीय विजय जेना के रूप में हुई है। विजय प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा के गनमैन के तौर पर तैनात था।
पारिवारिक विवाद से चल रहा था परेशान
जानकारी के मुताबिक, विजय जेना पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव में था। उसने इस संबंध में विभाग के कुछ कर्मचारियों को भी अपनी परेशानी के बारे में बताया था। सोमवार को घर में एक बार फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। विजय को घायल अवस्था में देखकर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल आरक्षक को इलाज के लिए महारानी अस्पताल पहुंचाया गया।
कंधे पर टिकाकर चलाई राइफल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया सामने आया है कि विजय ने इंसास राइफल को अपने कंधे पर टिकाकर गोली चलाई थी। गोली कंधे को छूते हुए बाहर निकल गई। यही वजह रही कि जवान गंभीर स्थिति में पहुंचने से बच गया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायल आरक्षक की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल विजय जेना की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना ने पुलिस विभाग के साथ-साथ इलाके में भी सनसनी फैला दी है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।