भिलाई बिरादरी 2 फरवरी को मिलजुलकर बोलेगी ‘थैंक्यू भिलाई’

हैरिटेज टॉक होगी प्रमुख आकर्षण
शपथ फाउंडेशन द्वारा जानकारी दी गई कि इस वर्ष से ‘थैंक्यू भिलाई’ आयोजन में हैरिटेज टॉक की विशेष शुरुआत की जा रही है। इस सत्र में भिलाई के इतिहास, संस्कृति, इस्पात संयंत्र, पायनियर मॉन्यूमेंट और शहर से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहरों पर आधारित प्रश्न–उत्तर आयोजित किए जाएंगे।
इन प्रश्नों के सही और प्रभावशाली उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मंच पर ही तत्काल सम्मानित किया जाएगा, साथ ही उन्हें पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। यह सत्र भिलाई की विरासत को जानने-समझने और उससे भावनात्मक रूप से जुड़ने का एक अनूठा अवसर होगा।

इसके अतिरिक्त आयोजन स्थल पर सर्वधर्म प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रहेगी, जिनके मार्गदर्शन में उपस्थित नागरिक सामूहिक रूप से ‘थैंक्यू भिलाई’ का उद्घोष करेंगे।
शपथ फाउंडेशन के अनुसार, आयोजन को लेकर समूचे भिलाई में उत्साह का वातावरण है और बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अपने शहर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वीडियो साझा कर रहे हैं। फाउंडेशन ने 2 फरवरी को पायनियर मॉन्यूमेंट में अधिक से अधिक भिलाईवासियों से सहभागिता की अपील की है।