विधायक रिकेश की वैशाली नगर विधानसभा में बहेगी विकास की बयार : 37 वार्ड के लिए 9.41 करोड़ से अधिक के 49 विकास कार्यों को मिली मंजूरी
सड़क, नाली, डोम शेड, उद्यान उन्नयन और सामुदायिक भवनों के निर्माण से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
भिलाई नगर, 16 अक्टूबर।
वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए स्थानीय विधायक रिकेश सेन के लगातार किए जा रहे प्रयासों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड-1 से 37 तक के विभिन्न विकास कार्यों हेतु कुल 9 करोड़ 41 लाख 48 हजार रुपये की लागत वाले 49 महत्वपूर्ण कार्यों की प्रशासकीय व अनुदान स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
विधायक रिकेश सेन के प्रस्ताव और सशक्त पहल पर शासन द्वारा जारी इस स्वीकृति आदेश से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है। आम जनता ने बुनियादी समस्याओं के समाधान और अधोसंरचना के विकास के लिए विधायक रिकेश सेन के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
आपको बता दें कि प्रमुख स्वीकृत विकास कार्य में सूर्या मॉल चौक के सामने चौक निर्माण, नाली निर्माण, सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण,नेहरू नगर, राधिका नगर एवं मैत्री विहार क्षेत्र के वार्ड-4 नेहरू नगर ब्लॉक 16 एवं 17 के बीच सीसी रोड, पुलिया तथा ब्लॉक 64 में सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य, वार्ड-5 में डोम शेड निर्माण, राधिका नगर/मैत्री विहार में सीवरेज लाइन कार्य, मैत्री उद्यान व डोम शेड निर्माण, श्याम सदन में हाट निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य, सुपेला, लक्ष्मी नगर, सुंदर नगर एवं शांति नगर क्षेत्र के वार्ड-10 मंच के सामने शेड, दुर्गा मंदिर के पास सामुदायिक भवन, दुर्गा पारा में शेड तथा हनुमान मंदिर परिसर सब्जी मार्केट में बोर खनन, वार्ड-11 सुंदर नगर सामुदायिक भवन व टाटा लाइन में डोम शेड तथा फरीद नगर ईदगाह चौक से निजामी चौक तक मुख्य मार्ग का डामरीकरण, वार्ड-13 सिरसा रोड महिला भवन का जीर्णोद्धार, वार्ड-14 शांति नगर/चंद्र नगर की विभिन्न सड़कों में नाली व सड़क निर्माण, वार्ड-15 वैशाली नगर थाना परिसर में बाउंड्रीवाल व सीसी रोड, इंदिरा गांधी प्रांगण एवं हनुमान मंदिर में डोम शेड निर्माण तथा सियान सदन संधारण, वार्ड-17 सुपेला नेहरू भवन व रैन बसेरा संधारण, साहू मित्र सभा व अस्पताल के पास नाली निर्माण, नेहरू भवन रोड से सुपेला स्कूल तक नाली व प्रकाश व्यवस्था, हनुमान मंदिर के पास डोम शेड, सीमेंटीकरण तथा विभिन्न उद्यानों का उन्नयन किया जाएगा।
जवाहर नगर, कोसा नगर एवं शास्त्री नगर क्षेत्र के वार्ड-21 एवं 22 लोहिया रोड तक सीसी रोड, नाली तथा नकटा तालाब से अक्षतधाम मंदिर तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड-25 जवाहर नगर में जवाहर विद्यालय के सामने व हाउसिंग बोर्ड एलआईजी लाइन में सीसी रोड, वार्ड-27 कबीर कुटी, मेहमान कोल डिपो, राधा कृष्ण मंदिर, शास्त्री नगर शिव मंदिर एवं तीन दर्शन मंदिर के पास सार्वजनिक/सामुदायिक भवनों का निर्माण होगा।
कैंप क्षेत्र एवं शिवाजी नगर अंतर्गत वार्ड-28 सुभाष चौक के पास बीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड के समीप विशाल मांगलिक/सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ की बड़ी सौगात मिली है। वार्ड-29 वृंदा नगर, स्टील नगर, अर्जुन नगर में सीसी रोड, दुर्गा ग्राउंड में विद्युत पोल व फेंसिंग तथा सीमेंटीकरण कार्य, वार्ड-33 व 34 शिवाजी नगर गणेश चौक से मौर्या होटल तक, नंदनी रोड से शंभू चौधरी के घर तथा मिलन चौक से आंध्रा स्कूल-जनता स्कूल तक बड़े पैमाने पर सीमेंटीकरण व सीसी रोड निर्माण हेतु 65 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड-35 कबीर कुटी लाइन, भैरो बस्ती तथा गांधी चौक से पंप हाउस तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड-36 कैंप-2 तालाब में सोधा पिच रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य के लिए 51 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं।
जनता की जरूरतों को प्राथमिकता-रिकेश सेन
स्वीकृति मिलने पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुगम आवागमन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, जलनिकासी के लिए नालियों के निर्माण, मांगलिक कार्यों हेतु डोम शेड व सामुदायिक भवनों की लंबे समय से मांग थी। शासन से 9 करोड़ 41 लाख से अधिक की राशि स्वीकृत होने से वार्ड 1 से 37 तक के रहवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।