भिलाई के कैरम सेंटर में सिगरेट मांगने पर विवाद, युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में कैरम सेंटर में हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को प्रार्थी मोहम्मद वसी ने थाना छावनी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बड़ी मस्जिद के पास अहमद नगर कैम्प-02 भिलाई स्थित अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर में बैठा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उससे सिगरेट मांगी, जिसे देने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
आरोपियों ने प्रार्थी का गला दबाकर और धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। घटना के बाद घायल ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 118(1), 109 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु और पानी की बोतल जप्त कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू शामिल हैं। घटना का मुख्य कारण सिगरेट मांगने को लेकर उत्पन्न विवाद बताया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना छावनी के सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, आरक्षक विकास सिंह और संदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि छोटे-छोटे विवादों को बढ़ावा न दें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










