गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस की बैठक, सत्य-अहिंसा और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
भिलाई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 द्वारा बैठक आयोजित कर दोनों महान नेताओं के योगदान को स्मरण किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को अपना प्रमुख हथियार बनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के नेतृत्व और विचारों ने देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सौरभ दत्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के सैनिकों और किसानों के महत्व को रेखांकित किया। सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख विशेषताएं रहीं।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक एकता, सद्भाव, सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उपस्थित सदस्यों ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ दत्ता, पार्षद साकेत चंद्राकर, भिलाई नगर युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अफरोज खान, सत्यनारायण गुप्ता, सतीश सोनकर, अजय यादव, संदीप कोरी, संतोष उमेरकर, डी.पी. सिंह, बी.एम. सिंह, राणा प्रताप सिंह, राहुल शर्मा, इकबाल अहमद, आमिर खान, आशीष सहारे, दाउ लाल चंद्राकर, प्रेम नाथ मारकंडे सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।